अपराधअलवरब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी: गो तस्करों का आतंक, मिलकपुर गांव से तीन दूध देने वाली गायें चोरी

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, अलवर (राजस्थान):
जिले के मिलकपुर गांव में गो तस्करों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। अज्ञात चोरों ने देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए गांव से तीन दूध देने वाली गायों की चोरी कर ली। यह घटना गांववासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात उस समय हुई जब सभी लोग सो रहे थे। चोरों ने पहले गायों को उनके बाड़े से खोला, फिर बेरहमी से एक पिकअप गाड़ी में ठूंस-ठूंस कर डाल दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें पिकअप वाहन और चोरों की गतिविधियां साफ़ देखी जा सकती हैं।
गायों के मालिक, जो पेशे से पशुपालक हैं, ने बताया कि तीनों ही गायें गर्भवती थीं और नियमित रूप से दूध देती थीं, जिनसे उनका परिवार जीविकोपार्जन करता था। इस घटना से उनका भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पशुपालक ने फूलबाग थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गो-तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और गांव में सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।

Subscribe to my channel


