अपराधअलवरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बानसूर में दिनदहाड़े गोलियों से छलनी हुआ शराब ठेकेदार, इलाज के दौरान मौत

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
बानसूर (कोटपूतली-बहरोड़): जिले के बानसूर कस्बे में मंगलवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने अलवर बाईपास रोड स्थित एक टेलर शॉप के पास शराब ठेकेदार सुनील उर्फ टूल्ली (35) निवासी बालावास को ताबड़तोड़ गोलियों से छलनी कर दिया।
घायल अवस्था में सुनील को तुरंत बानसूर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान सुनील ने दम तोड़ दिया।
छह हमलावरों ने दी वारदात को अंजाम
थानाधिकारी सुरेंद्र मलिक के अनुसार सुनील अलवर बाईपास रोड स्थित एक टेलर शॉप में कपड़े लेने गया हुआ था। इसी बीच तीन बाइकों पर सवार होकर छह हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और सुनील पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों से लहूलुहान होकर सुनील वहीं गिर पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना के तुरंत बाद बानसूर डीएसपी दशरथ सिंह और थाना प्रभारी सुरेंद्र मलिक मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
रंजिश या लेनदेन का मामला?
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि हत्या आपसी रंजिश या पुराने लेनदेन का नतीजा हो सकती है, हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले कारणों का पूरी तरह खुलासा संभव नहीं है। घटना के बाद बानसूर और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, साथ ही जिले की सीमा सील कर दी गई है ताकि आरोपी फरार न हो सके।
Subscribe to my channel


