लखीमपुर खीरी/नेपाल: दो दिन पहले नेपाल के गोदावरी नदी में अचानक आई बाढ़ में फंसे 6 भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित बचाने वाली नेपाल पुलिस टीम का भाजपा नेता रवि गुप्ता ने विशेष सम्मान किया। यह पर्यटक पिकनिक मनाने गोदावरी पहुंचे थे, तभी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा और सभी नदी में फँस गए।
जानकारी मिलते ही अतरिया मालाखेती के पुलिस इंचार्ज डीएसपी श्री रण बहादुर चंद अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। रेस्क्यू में डीएसपी रण बहादुर चंद के साथ इंस्पेक्टर दान सिंह भंडारी, इंस्पेक्टर इंद्र राज भट्ट, कांस्टेबल कमल कुंवर, सुरेश सांवद एवं महिला सिपाही पूर्णिमा बम शामिल रहीं।
घटना के बाद लखीमपुर खीरी के पलिया कलां निवासी भाजपा नेता रवि गुप्ता नेपाल पहुंचे और डीएसपी रण बहादुर चंद एवं पूरी रेस्क्यू टीम को भारतीय नागरिकों की ओर से धन्यवाद देते हुए सम्मानित किया। इस मौके पर निर्माण व्यावसायी संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण साउंद, वरिष्ठ व्यवसायी देवराज गर्ग और आकाश सिंह भी मौजूद रहे।
रवि गुप्ता ने कहा, “नेपाली पुलिस के जांबाज अधिकारियों और जवानों का यह कार्य अनुकरणीय है, जिन्होंने जान जोखिम में डालकर भारतीय पर्यटकों की जान बचाई। सभी भारतीय नागरिकों की ओर से इनका साधुवाद है।”