भोपाल। आज भोपाल प्रवास के दौरान मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव से भेंट कर क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक मारू ने रामपुरा में राजा रामसिंह भील के भव्य स्मारक निर्माण की विशेष मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने स्मारक से संबंधित परिचयात्मक दस्तावेज भी मुख्यमंत्री को सौंपे।
विधायक मारू ने बताया कि पिछले दिनों रामपुरा में राजा रामसिंह भील की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों ने स्मारक निर्माण की मांग रखी थी, जिस पर उन्होंने मंच से स्मारक निर्माण का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री से भेंट कर औपचारिक रूप से इस विषय पर चर्चा की गई।
विधायक मारू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राजा रामसिंह भील का ऐतिहासिक योगदान क्षेत्र की सांस्कृतिक और वीर परंपरा से जुड़ा हुआ है। स्मारक निर्माण से न केवल क्षेत्र की गौरवशाली विरासत को सम्मान मिलेगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा।