गुना बस दुर्घटना में घायलों का होगा समुचित इलाज – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

(जिला संवाददाता- करण सिंह ठाकुर)
गुना जिले में बस दुर्घटना के दौरान भीषण आग लगने से मृत हुए 13 व्यक्तियों तथा 16 घायलों के समुचित ईलाज की जानकारी लेने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को गुना पहुंचे। उन्होंने जिला चिकित्सालय में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का समुचित इलाज कराया जायेगा। शासन-प्रशासन घायलों के इलाज के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायेगा। उन्होंने जिला प्रशासन तथा जिला चिकित्सालय प्रशासन को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न होने पाये। घायलों का समुचित उपचार बेहतर से बेहतर हो, यह सुनिश्चित किया जाये। मुख्यमंत्री श्री यादव ने जिला चिकित्सालय के वार्ड में इलाज करा रहे घायलों के प्रत्येक बेड पर जाकर उनके स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा आश्वस्त किया कि उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नही आने दी जायेगी। उन्होंने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गुना जिले के प्रवास के दौरान जिला चिकित्सालय में बस दुर्घटना में दिवंगत एवं घायल यात्रियों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके परिजनों को यह वज्रपात सहन करने कि शक्ति देने की कामना की। उन्होंने घायल यात्रियों के परिजनों से मुलाकात कर बस हादसे में झुलसे यात्रियों के समुचित उपचार कराये जाने हेतु आश्वस्त किया I
गुना के दुहाई मंदिर के पास बुधवार रात्रि को हुए बस दुर्घटना के कारणों की जांच कराये जाने के निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिला प्रशासन को दिये गये। कलेक्टर तरूण राठी द्वारा मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार सदस्यीय समिति गठित कर दी गयी है। जिसमें अपर जिला दण्डाधिकारी मुकेश कुमार शर्मा, अनुविभागीय दण्डाधिकारी अनुभाग दिनेश सावले, संभागीय उप परिवहन आयुक्त अरूण कुमार सिंह तथा सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा प्राण सिंह राय शामिल हैं। यह समिति बस में आग लगने के कारणों जांच एवं प्रकरण में उत्तरदायी विभागों की भूमिका की जांच कर जांच प्रतिवेदन तीन दिवस में प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री श्री यादव ने बस दुर्घटना में मृतको के परिवारों को 4-4 लाख रूपये तथा गंभीर घायलों को 50-50 हजार रूपये सहायता दिये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
Subscribe to my channel


