ब्रेकिंग न्यूज़महेंद्रगढ़शिक्षाहरियाणा
परिवार एक पाठशाला है बच्चा यहां जो भी सीखता हैं वही उसके संस्कार बन जाते हैं : विपिन शर्मा

ब्यूरो चीफ सतीश कुमार महेंद्रगढ़ हरियाणा
ख़बरची ✍️
नारनौल, 22 नवंबर। उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्षा मोनिका गुप्ता आईएएस के मार्गदर्शन में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिहाली में बच्चों को नैतिक मूल्यों की शिक्षा पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया।
इस मौके पर नैतिक मूल्यों की शिक्षा के नोडल अधिकारी एवं पूर्व जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन कुमार शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि परिवार एक पाठशाला है बच्चा यहां जो भी सीखता है वही उसके संस्कार बन जाते हैं। बच्चा उस कोमल डाल के समान है जिसे जिस ओर चाहो मोडा जा सकता है। वह कुम्हार की उस कच्ची मिट्टी के समान होता है जिसे कुम्हार अपनी इच्छा अनुरूप पात्र बना सकता है। इसी प्रकार छोटे बच्चों में जिस प्रकार के संस्कार भरे जाएंगे उसी के अनुरूप उनका चरित्र बन जाएगा। अब यह परिवार व अन्य सदस्यों पर निर्भर करता है कि वे बच्चें में किस प्रकार से संस्कार डालना चाहते हैं। आज व्यक्ति एवं समाज में सांप्रदायिकता, जातीयता भाषावाद, हिंसा, अलगाववाद, भ्रष्टाचार, यौनशोषण, नशाखोरी, भ्रूण हत्या की संकीर्ण भावनाओं व समस्याओं के मूल में नैतिक मूल्यों का पतन ही उत्तरदायी कारण है। मानव को सामाजिक प्राणी होने के नाते कुछ सामाजिक नीतियों का पालन करना पड़ता है जिनमें संस्कार, सत्य, परोपकार, अहिंसा आदि शामिल है। वास्तव में ये सभी नैतिक गुणों में आते हैं और बच्चों को इन्हें बचपन से ही धारण कर लेना चाहिए ताकि अच्छे परिवार, समाज, राष्ट्र का निर्माण हो सकें। उन्होंने बच्चों को उच्च श्रेणी की शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा को भी अवधारण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने बुजुर्गों, अध्यापकों व अपने सगे-संबंधियों का आदर करने की अपील की। साथ ही बच्चों से सभी प्रकार के नशों व अन्य सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने की अपील की तथा इनसे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार ने नैतिक मूल्यों पर अपने विचार रखे और बच्चों से अपील की कि वे बताई गई सभी बातों को अपने जीवन में व्यवहारिक रूप से लागू करें तथा अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अच्छे नागरिक भी बने।
इस अवसर पर तीरंदाजी कोच सुरेन्द्र शर्मा, प्रवक्ता नरेश कुमार, दुष्यंत कुमार, महेन्द्र कुमार, ठाकुर सिंह, डीपीई अमर सिंह सहित सभी स्टाफ एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

Subscribe to my channel


