आईजी ने पुलिस लाइन सहित एसपी ऑफिस का किया निरीक्षण

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा अलवर राजस्थान
भिवाड़ी। पुलिस आयोजना आधुनिकीकरण एवं कल्याण विभाग के आईजी राजेश मीणा ने गुरुवार को भिवाड़ी का दौरा किया। जिसमें आईजी ने पुलिस लाइन सहित एसपी ऑफिस का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तो वहीं इस दौरान पुलिस लाइन में ही संपर्क सभा का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन भी दिया गया। आईजी राजेश मीणा ने बताया कि यह उनका वार्षिक निरीक्षण था। जिसमें उनके द्वारा पुलिस के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को जानकर उनका उचित निराकरण करना है। संपर्क सभा के दौरान भिवाड़ी पुलिस जिले में पुलिस कर्मियों की चल रही भारी कमी की बात को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही जिले में संचालित अनेक थानों में पुलिस के लिए दिए गए वाहन भी खटारा स्थिति में पहुंच चुके है इस विषय पर भी चर्चा की गई। संपर्क सभा के दौरान पुलिस कर्मचारियों के लिए क्वार्टर की कमी व मौजूदा क्वार्टर की स्थिति खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही राजस्थान रोडवेज में पुलिस कर्मियों के लिए फ्री पास होने के बावजूद भी रोडवेज की तरफ से पुलिसकर्मियों से किराया वसूल करने की बात भी रखी गई। जिस पर आईजी ने उच्च अधिकारियों से बात कर समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रेसवार्ता के दौरान राजेश मीणा ने बताया कि भिवाड़ी में भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अलग तरह का क्राइम है। जिस पर पूरी तरह से काबू पाने के लिए हर तरह के संसाधन भिवाड़ी पुलिस को उपलब्ध करवाए जाएंगे। मेवात क्षेत्र से लगने के कारण यहां पर साइबर ठगी के मामले भिवाड़ी में ज्यादा हैं, इसलिए भिवाड़ी में उप निरीक्षक रैंक का अधिकारी मॉनिटरिंग के लिए लगाया गया है। डीएसपी रैंक का अधिकारी भी जल्दी ही यहां पर बैठेगा। भिवाड़ी एसपी व अन्य अधिकारियों व पुलिसकर्मियों से बात कर उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खैरथल को नया जिला बनाए जाने के कारण एसपी ऑफिस को खैरथल में शिफ्ट करने की बात पर आईजी कुछ भी नहीं बोले और राज्य सरकार के आदेशों की पालना करने की बात कहकर बात को टाल गए। आईजी राजेश मीणा शुक्रवार को भिवाड़ी पुलिस जिले के सभी थानों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान एसपी अनिल कुमार बेनीवाल, एसपी विपिन शर्मा, आईपीएस सुजीत शंकर और नीमराणा एडिशनल एसपी जगराम मीणा सहित सभी थानों के थानाधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


