
ब्यूरो चीफ सतीश कुमार महेंद्रगढ़ हरियाणा
वीरों के सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
हम अपने वीर सैनिकों की बदौलत अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं : पूर्व शिक्षा मंत्री
नारनौल 31 मार्च। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने आज जिला के गांव दौंगड़ा जाट में अमर शहीद सुबेदार विजय कुमार शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया। यह कार्यक्रम पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। इस मौके पर अटेली विधायक सीताराम यादव भी मौजूद थे।
मुख्य अतिथि के तौर पर इस कार्यक्रम में पहुंचे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने मूर्ति अनावरण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिकों की बदौलत ही हमारा देश दुनिया में एक बड़ी ताकत है। वीरों के सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वीर शहीदों की गाथाएं सुनकर मन में देशभक्ति के साथ ही त्याग और बलिदान की भावना के भाव उठने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद की मूर्ति से आने वाली पीढ़ी हमेशा उनके जीवन से सीख लेगी कि किस प्रकार हमारे वीर जवान हमारी सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ बलिदान देने के लिए तैयार रहते हैं।
इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि अमर शहीद सुबेदार विजय कुमार शर्मा की देशभक्ति का जज्बा आने वाली पीढ़ी हमेशा याद रखेगी। हम अपने वीर सैनिकों की बदौलत अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की शहादत देने वालों को समाज कभी नहीं भूल सकता एवं उनका हर स्तर पर सदैव नाम उच्च रहता है।
इस मौके पर अटेली विधायक सीताराम यादव ने कहा कि सरकार शहीदों के परिवार वालों को हर संभव सहायता मुहैया करवा रही है।
इस अवसर पर अमर शहीद सुबेदार विजय कुमार शर्मा के पिता मोहनलाल शर्मा, माता दुलारी देवी, शहीद की धर्मपत्नी सुमिता देवी, लड़की स्नेहा शर्मा, लड़का विशाल शर्मा के अलावा गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।
Subscribe to my channel


