सुराणा गांव से 2 साल का बच्चा गायब, मां ने दूध पिला कर कमरे में सुलाया था
रात भर सुराग नहीं परिजनों ने लगाया हाईवे पर जाम

ब्यूरो चीफ सतीश कुमार की रिपोर्ट
01/02/2023
नारनौल। सदर थाना नारनौल के अंतर्गत आने वाले गांव सुराणा में एक दो साल का बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। रात भर परिजन उसकी तलाश में लगे रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बच्चा घर में एक कमरे में सो रहा था। दादी 15-20 मिनट के लिए घर से बाहर गई थी। लौटी तो पोता घर पर नहीं मिला। बच्चा नहीं मिलने पर मंगलवार सुबह परिजनों ने नेशनल हाईवे नंबर 11 पर जाम लगा दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सुराणा गांव के दयाराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह खेती बाड़ी का कार्य करता है। उसके लड़के पंकज का 2 साल का बेटा है। पोते का नाम उन्होंने प्रति रखा हुआ है। बच्चे की मां दीपेश ने सोमवार दोपहर बाद बेटे को दूध पिलाकर अंदर कमरे में सुला दिया था और शौच को चली गई। उस दौरान बच्चे की दादी दूसरे कमरे में थी।
बाद में दादी पोते को कमरे में छोड़कर कहीं बाहर चली गई थी। करीब 15 से 20 मिनट बाद जब वह वापस आई तो उसे उसका पोता प्रति कहीं दिखाई नहीं दिया। बच्चे को घर में तलाश किया गया लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 2 साल का प्रति रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया।
बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। उसे आस-पड़ोस में भी तलाश किया गया। लेकिन बच्चे का कहीं भी सुराग नहीं मिला। बाद में बच्चे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह तक बच्चे के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी थी।
गांव सुराणा से गायब हुए बच्चे के प्रति 24 घंटे बाद भी नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव सुराणा के पास नेशनल हाईवे नंबर 11 पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों द्वारा सुबह करीब 11 बजे जाम लगाया गया। जिसके चलते नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना पाकर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया तथा जाम खुलवाने का प्रयास करने लगा। पुलिस उपाधीक्षक जितेन्द्र के आश्वासन के बाद बड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया।
ग्रामीणों ने जाम तो खोल दिया, लेकिन अभी तक बच्चे का सुराग नहीं मिल पाया है। मौके पर ग्रामीण व पुलिस भारी संख्या में सर्च अभियान चलाया चला रहे हैं, जबकि बच्चे को लेकर परिजनों में का बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक सर्च अभियान जारी था और बच्चा नहीं मिल पाया था। इस मामले में सदर पुलिस ने 2 साल के बच्चे प्रीत के अचानक गायब होने का मामला दर्ज कर लिया है।