उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती सदर में ‘खेत बचाओ अभियान-2026’ के तहत किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। विकास खंड बस्ती सदर की ग्राम पंचायत चनदोखा और बनकटा में ‘खेत बचाओ अभियान–2026’ के अंतर्गत किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पोषण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था, ताकि खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती के वैज्ञानिक डॉ. वी.बी. सिंह और डॉ. अंजली वर्मा ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तथा जैविक संसाधनों के समुचित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की।
वैज्ञानिकों ने बताया कि मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करने से फसलों की उत्पादकता बढ़ती है, भूमि की उर्वरता बनी रहती है और खेती की लागत में भी कमी आती है। साथ ही प्राकृतिक खेती एवं जैविक संसाधनों के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ती हैं।
कार्यक्रम में एडीओ (कृषि) दिलीप चौधरी, एटीएम, बीटीएम, ग्राम प्रधान, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। किसानों ने वैज्ञानिकों से खेती, उर्वरक प्रबंधन और पोषण संबंधी विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से वैज्ञानिक सलाह के अनुसार खेती अपनाने तथा मृदा संरक्षण के उपायों को व्यवहार में लाने का आह्वान किया गया। अभियान के माध्यम से किसानों को टिकाऊ कृषि प्रणाली अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।

Subscribe to my channel


