उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बस्ती विकास प्राधिकरण में प्रबुद्ध जनों की बैठक, पौधरोपण भी किया गया

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 09 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून 2026 तक चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत बस्ती विकास प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को प्राधिकरण कार्यालय परिसर में प्रबुद्ध जनों की एक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उनकी उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना था।
बैठक की अध्यक्षता कीर्ति प्रकाश भारती, सचिव बस्ती विकास प्राधिकरण ने की। इस दौरान प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा शहर की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर प्रबुद्ध नागरिकों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में विशेष रूप से जिला अस्पताल चौराहा, रोडवेज तिराहा सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नगर के सुव्यवस्थित विकास, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के उपरांत पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से बस्ती विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रभारी अधिशासी अभियंता हरिओम गुप्ता, अवर अभियंता रोहित पटेल, नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिकारीगण तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जनहित के मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए और विकास कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।
बस्ती विकास प्राधिकरण ने बताया कि आगामी दिनों में भी जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

Subscribe to my channel


