उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगा पर्याप्त पानी, 17 जून से नहरों में छोड़ा जाएगा जल

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 09 जून 2026। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने और नहर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद सिंचाई बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष जनपद सिंचाई बन्धु गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने की।

बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नहरों की सिल्ट सफाई, अवैध कटान रोकने तथा जल वितरण की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

17 जून से नहरों में आएगा पानी

समिति के नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता सरयू नहर खण्ड-4 दिनेश मोहन ने बताया कि आगामी 17 जून से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और उसी के अनुसार कार्य किया जा रहा है।

सूरतगढ़ और कोहरा माइनर में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

रुधौली विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य ने बैठक में सूरतगढ़ एवं कोहरा माइनर में पानी न पहुंचने की समस्या उठाई। उन्होंने संबंधित जूनियर इंजीनियर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गन्ना किसानों का 42.66 करोड़ रुपये भुगतान

गन्ना विकास निरीक्षक (क्रय) लाल बहादुर ने बताया कि जिले के गन्ना किसानों को अब तक 42.66 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 73.23 करोड़ रुपये का भुगतान अभी शेष है। उन्होंने बताया कि जुलाई माह तक लगभग 10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान कर दिया जाएगा।

661 नलकूप लगातार संचालित

एई नलकूप प्रदीप कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि जनपद के 56 तालाब और 94 पोखरों में पानी भरवाया गया है। जिले के कुल 668 राजकीय नलकूपों में से चार यांत्रिक एवं तीन विद्युत दोष के कारण बंद हैं, जबकि 661 नलकूप नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं।

नलकूप खर्च सूची पर उठे सवाल

कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द सोनकर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में नलकूपों पर किए गए खर्च की सूची पर नाराजगी जताते हुए उसे संदिग्ध बताया। उन्होंने अगली बैठक में पारदर्शी एवं स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और जिला विकास अधिकारी के माध्यम से चेतावनी पत्र जारी करने की मांग की।

बागवानी में मिला लक्ष्य, 20 जून से शुरू होगी आम के पौधों की रोपाई

उद्यान निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि आम, केला एवं पपीता की बागवानी के लिए विभाग को कुल 2384 हेक्टेयर का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। आम के पौधों की रोपाई के लिए 20 जून से गड्ढा खुदाई कार्य शुरू किया जाएगा। लाभार्थी किसानों को बागवानी संबंधी तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, विधायक सदर प्रतिनिधि मो. सलीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button