उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें – जिला पूर्ति अधिकारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 14 मार्च 2026।
जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ने गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस की कमी से संबंधित अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर जमा न करें।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने पास उपलब्ध गैस सिलेंडर का सामान्य रूप से उपयोग करें। सिलेंडर समाप्त होने पर उन्हें समय से रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। गैस प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी के आईवीआरएस नंबर पर कॉल करके ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
गैस बुकिंग के लिए नंबर
भारत पेट्रोलियम – 7718012345
इंडियन ऑयल – 8454955555
हिंदुस्तान पेट्रोलियम – 9222201122 / 9493602222
बुकिंग कन्फर्म होने के बाद उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होता है, जिसके आधार पर गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडर की आपूर्ति की जाती है। दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद की जा सकती है।
कंट्रोल रूम स्थापित
गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां राजस्व, खाद्य एवं रसद तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उपभोक्ता अपनी समस्या 05542-247128 नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।
आज मिले 10,316 सिलेंडर
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 14 मार्च को 10,316 गैस सिलेंडर वितरण के लिए प्राप्त हुए, जिनका वितरण कराया गया है। वहीं 15 मार्च को लगभग 8,916 सिलेंडर रिफिल के लिए मिलने की संभावना है।
घर बैठे मिलेगी गैस
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे गैस एजेंसी पर स्वयं सिलेंडर लेकर न आएं। गैस की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से की जा रही है। भरे हुए सिलेंडर को स्वयं ले जाने पर किसी दुर्घटना की स्थिति में उसकी जिम्मेदारी उपभोक्ता की होगी।
गलत उपयोग पर होगी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल भोजन बनाने के लिए अनुमन्य है। इसका उपयोग वाहन, वेल्डिंग या अन्य व्यवसायिक कार्यों में करना तथा अनुचित भंडारण करना नियम विरुद्ध है। ऐसा पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बुकिंग कराकर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस प्राप्त करें। जनपद में गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
Subscribe to my channel


