उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 77वें गणतंत्र दिवस पर मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण, संविधान के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 27 जनवरी 2026 (सू.वि.)
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बस्ती में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
सभाकक्ष में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इस पावन अवसर पर हम उन सभी शहीदों और सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि जिन मूल्यों और आदर्शों पर हमारा संविधान आधारित है, उनके पालन का संकल्प लेना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
मंडलायुक्त ने कहा कि भारत आज विकास के क्षेत्र में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2029-30 तक विश्व की अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश का योगदान लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर होगा। भारत ने कृषि, रक्षा, विज्ञान और सार्वजनिक क्षेत्रों में बड़ी प्रगति की है।
इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक सुरेन्द्र प्रसाद यादव, अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, अपर आयुक्त (वित्त) आत्म प्रकाश वाजपेयी, उप निदेशक पंचायत समरजीत यादव सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सरस्वती शिशु मंदिर रामबाग की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत की सराहना करते हुए मंडलायुक्त ने उन्हें पुरस्कृत भी किया।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि देश की प्रभुता उसके नागरिकों से होती है और हम सब मिलकर राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतने वर्षों बाद भी भारतीय संविधान विश्व के सर्वश्रेष्ठ संविधानों में से एक है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को संविधान और उसके मूल्यों के बारे में अवश्य बताएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन कभी समाप्त नहीं होता, हमें समय के साथ सीखते और स्वयं को सुधारते रहना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने गांधी कला भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने कहा कि संविधान के अनुरूप अपने अधिकारों और कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना ही सच्ची देशसेवा है। मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने भी संविधान और कर्तव्यों पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया, जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


