उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों, स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य व गौसंरक्षण की समीक्षा बैठक सम्पन्न

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 19 जनवरी 2026 (सू.वि.)
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड (विकास), निर्माण कार्य, जिला स्वच्छता समिति, जिला पोषण समिति, जिला स्वास्थ्य समिति एवं गौसंरक्षण से संबंधित समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित सभी विभागों के लक्ष्यों, प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन्हें कारण स्पष्ट करते हुए सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों पर सख्ती
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा में पूरे किए जाएं। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। जिन कार्यों की प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
150 ग्राम पंचायतों में चल रहा “स्वच्छता से समृद्धि” अभियान
जिला स्वच्छता समिति की बैठक में डीपीआरओ ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जनपद की 150 ग्राम पंचायतों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, आरआरसी पर कचरे की छंटाई तथा कचरे की बिक्री से आय सृजन के उद्देश्य से “स्वच्छता से समृद्धि” अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान में ग्राम प्रधान, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनसहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। कचरा वाहनों पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ग्राम पंचायत का नाम तथा सूखा/गीला कचरा अंकित किया गया है। साथ ही माइक के माध्यम से जिंगल एवं संदेश प्रसारित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अधिकांश ग्राम पंचायतों से उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं।
6 राजस्व ग्रामों की कार्ययोजना को मिली मंजूरी
डीपीआरओ ने बताया कि पूर्व में 2958 ग्रामों की कार्ययोजना भेजी जा चुकी थी, जबकि 6 राजस्व ग्रामों की कार्ययोजना तकनीकी कारणों से शेष रह गई थी। समिति द्वारा विकास खण्ड कुदरहा के उमरिया व गनेशपुर, परसरामपुर के दहरहरा कुंवर व घोलवा तथा सांऊघाट के मूड़ाडीहा व उदयपुर की कुल ₹15,11,980 की कार्ययोजना भेजने की अनुमति प्रदान की गई।
मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा राज्य स्तर से ₹3 करोड़ की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत की गई है, जिसके भुगतान हेतु विकास खण्डों से मांग पत्र मंगाए जा रहे हैं।
पोषण व स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
जिला पोषण समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को सैम बच्चों को समय से दवा उपलब्ध कराने तथा एनआरसी में भर्ती बच्चों को सभी सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को समय पर पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
गौशालाओं में सीसीटीवी और समय पर भुगतान के निर्देश
गौसंरक्षण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिन गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां शीघ्र कैमरे लगवाने तथा केयरटेकरों का भुगतान समय से कराने के निर्देश दिए।
सरकारी अस्पतालों में प्रसव बढ़ाने पर जोर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभी एमवाईसी को ओपीडी एवं संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आशा संगिनियों को गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी अस्पताल में ही कराने को कहा गया। फेमिली प्लानिंग, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आशा भुगतान की भी समीक्षा की गई।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ घनश्याम सागर, उपायुक्त हरेंद्र प्रताप, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी, बीएसए अनूप तिवारी, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, अर्थ एवं संख्या अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


