उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
तहसील हर्रैया में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 59 शिकायतें प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती | 05 जनवरी 2026 (सू.वि.)
शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सोमवार को तहसील हर्रैया सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 59 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हो सका है, उनका संबंधित अधिकारी समयबद्ध एवं न्यायसंगत ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि भूमि विवादों एवं नामांतरण से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित प्रकरणों में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तथा आम जनता से सरल एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, सीवीओ डॉ. अरुण गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, क्षेत्राधिकारी पुलिस स्वर्णिमा सिंह, जिला सेवा योजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा, डीएचओ अरुण त्रिपाठी, एआर कोऑपरेटिव आशीष श्रीवास्तव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीपीआरओ धनश्याम सागर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


