उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
ठंड में गोवंश की सुरक्षा की मांग को लेकर शिवसेना यूबीटी ने सौंपा ज्ञापन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। कड़ाके की ठंड में गोवंश की सुरक्षा एवं देखभाल की मांग को लेकर सोमवार को शिवसेना (यूबीटी) के जिला उपाध्यक्ष शिवम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि जनपद की सभी गौशालाओं में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश को ठंड से बचाने हेतु समुचित इंतजाम किए जाएं, ताकि बेजुबान पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिला उपाध्यक्ष शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व बस्ती जनपद के आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि बाबरी विध्वंस जैसे कठिन समय में भी बस्ती के लोगों ने भाईचारे और शांति की मिसाल पेश की थी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोगों को चाहिए कि वे जनहित के मुद्दों पर ध्यान दें, न कि समाज को बांटने का कार्य करें।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठंड के मौसम में नगर पालिका और संबंधित संस्थाओं द्वारा अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है, वहीं गौशालाओं में गोवंश उपेक्षा का शिकार हो रहा है। शिवसेना यूबीटी ने प्रशासन से मांग की कि गौशालाओं में तिरपाल, भूसा, गर्म पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर शिवसेना (यूबीटी) के अनुराग, राघवेंद्र प्रताप, अश्वनी शर्मा, आदित्य सिंह, प्रतीक सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


