उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
मुस्लिम समाज के उत्पीड़न पर रोक लगाए सरकार – आर.के. आरतियन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। जनपद में आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाए रखने की मांग को लेकर सोमवार को भारत मुक्ति मोर्चा (राष्ट्रीय) एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि हिन्दुत्व के नाम पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मुस्लिम समाज को भयभीत करने, मारपीट करने और व्यवसाय से रोकने जैसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के बाद भारत मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष आर.के. आरतियन ने कहा कि बीते कुछ दिनों से थाना पुरानी बस्ती एवं कोतवाली क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में मुस्लिम समाज के लोगों को कथित रूप से डराने-धमकाने, गाली-गलौज करने तथा दुकानदारों से पहचान पत्र मांगने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और जनपद का माहौल खराब हो रहा है। ऐसे मामलों में प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बहुजन मुक्ति पार्टी के मंडल अध्यक्ष हृदय गौतम एवं मंडल उपाध्यक्ष राम सुमेर यादव ने कहा कि कुछ लोग धर्म के नाम पर वातावरण को विषाक्त करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों और कारोबारियों का रोजगार प्रभावित हो रहा है तथा भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में डॉ. रिफाकत अली, भालचंद यादव एडवोकेट, एजाज खान, दीपक कुमार, चंद्रिका प्रसाद, डॉ. आर.के. आनंद, तारिक आदिल, कमर अहमद, नदीम खान, जिशान, चंद्रप्रकाश गौतम, दिवाकर, सलमान शाह, शिवा, इमरान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


