उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: पंचायत निर्वाचन 2026 को लेकर मतदाता सूची का वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 22 दिसंबर 2025 (सू.वि.)।
अपर जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 के लिए पंचायत निर्वाचक नामावली का वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत तैयार की गई मतदाता सूची का अनन्तिम प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को अनन्तिम मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरांत 24 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक आमजन द्वारा अनन्तिम मतदाता सूची का निरीक्षण किया जा सकेगा। इसी अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
इस दौरान 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 दिसंबर 2025 से 06 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। निस्तारण के बाद तैयार की गई हस्तलिखित पाण्डुलिपियां 07 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएंगी। इसके पश्चात पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण कर उन्हें मूल मतदाता सूची में सम्मिलित करने की प्रक्रिया 13 जनवरी 2026 से 29 जनवरी 2026 तक चलेगी।
निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन 06 फरवरी 2026 को जनसामान्य के लिए किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण अवधि के दौरान मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु फार्म-2, किसी प्रविष्टि में संशोधन हेतु फार्म-3 तथा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने हेतु फार्म-4 भरकर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में मतदाता सूची का अवश्य निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराएं, ताकि पंचायत निर्वाचन निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके।
Subscribe to my channel


