उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 16 दिसम्बर 2025 (सू.वि.)।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि राजस्व, चिकित्सा एवं कृषि विभाग द्वारा शिकायतों का निस्तारण अपेक्षित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया गया है।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं है। साथ ही निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण आख्या संबंधित अधिकारी स्वयं की देखरेख में पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि शासन स्तर पर फीडबैक के दौरान शिकायतकर्ता संतुष्टि व्यक्त कर सकें और जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, बीएसए अनूप तिवारी, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीएचओ अरुण कुमार त्रिपाठी, डीपीआरओ धनश्याम सागर, उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप, ईडीएम सौरभ द्विवेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


